पदोन्नति में आरक्षण के खिलाफ जनरल ओबीसी कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल सोमवार को 15वें दिन भी जारी रही। कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए डीएम द्वारा धरना स्थल पर ज्यादा भीड़ नहीं जुटाने की अपील पर भी हड़ताली कर्मचारी नहीं माने।
सोमवार को कर्मचारियों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने सुरक्षा के लिहाज से मास्क भी लगाया था। प्रदर्शनकारियों में जयप्रकाश बिजल्वाण, अमित रावत, जयप्रकाश गौड़, अजय रावत, गोपाल राणा, जयवीर परमार, गिरजाशंकर नौटियाल, रीना भंडारी, रेनू भंडारी, मंजू गुसाईं सहित कई शामिल थे।
उधर, बड़कोट में भी हड़ताली कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया। आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल हो गए हैं। धरना स्थल पर हुई सभा में हड़ताली कर्मचारियों ने कल (आज) तहसील मुख्यालय पर जुलूस प्रदर्शन का निर्णय लिया। जिला पंचायत सदस्य आनंद सिंह राणा ने सरकार से सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करने की मांग की। इस मौके पर अरविंद सिंह रावत आदि मौजूद रहे।